Koofee with Karan: करण जौहर का पॉप्यूलर चैट शो ‘कॉफी विद करण’ 22 साल बाद खत्म होने जा रहा है। दरअसल हाल ही में करण ने खुलासा किया कि इस बार उनके शो का ये आखिरी सीजन होगा।
बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता, निर्देशक करण जौहर अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने शो कॉफी विद करण (Koofee with Karan) को लेकर भी चर्चा में बने रहते है। वहीं हाल ही में करण ने अपने इस शो के नए सीजन का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ये उनके शो का फाइनल सीजन होगा। जी हाँ, लगातार 22 सालों तक दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद करण का ये शो खत्म होने वाला है।
22 सालों के बाद खत्म हो रहा Koofee with Karan
दरअसल हाल ही में करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वे थोड़े भावुक नजर आ रहे है। वीडियो में करण कहते है कि- “ये एक इमोशनल मैसेज से ज्यादा एक प्रोफेशनल अनाउंसमेंट है। ये जून 2004 की बात है जब मैंने अपने डैड से कहा कि मैं एक टॉक शो होस्ट करना चाहता हूँ। मैं इस शो में दो सेलिब्रिटीज और स्टार्स के साथ अनौपचारिक बात करना चाहता हूँ।”
करण ने याद की ‘Koofee with Karan’ शो की जर्नी
करण ने आगे कहा, “और तब उन्होंने (करण जौहर के पिता) मेरी तरफ देखा और कहा- “करण तुम अपने दोस्तों को बुलाओगे और बातें करोगे, ये तो तुम वैसे भी करते हो। इसके लिए तुम्हे पैसे कौन देगा। उनका उसी महीने यानि 26 जून 2004 को उनका निधन हो गया।” इतना कहते ही करण भावुक हो जाते है और वे अपनी टीम से कहते है कि मुझे दो मिनट दीजिए।
करण जौहर ने अपने इस शो के बारे में बात करते हुए आगे बताया, “इसके बाद मैंने 16 अगस्त 2004 को इस शो के पहले एपिसोड की शूटिंग की। और अब 22 साल, 8 सीजन और 161 एपिसोड के बाद मैं यहां है। बहुत कुछ हुआ है… मैंने लवर्स को बुलाया, मैंने दोस्तों को बुलाया, मैंने परिवारों को बुलाया, मैंने ऐसे लवर्स को बुलाया जो बाद में एक्स लवर्स बन गए। ऐसे लवर्स को भी बुलाया, जिनकी बाद में शादी हो गई। मैंने नेशनल आइकॉन्स के करियर को लगभग खत्म ही कर दिया था। मैं ‘नेपोटिजम’ शब्द के साथ आज भी जी रहा हूँ। अटकलें लगाना एक राष्ट्रीय शब्द बन गया। बहुत कुछ हुआ।”
Koofee with Karan का होगा ये आखिरी सीजन
करण ने आगे कहा, “और अब मैं जहाँ भी जाता हूँ, सौभाग्य से या दुर्भाग्य से, मुझे नहीं पता क्या कहना है लेकिन मुझसे हमेशा पूछा जाता है कि कॉफी विद करण का अगला सीजन कब आएगा। मुझे हैरानी होती है कि वे मुझसे ये नहीं पूछते कि मेरी अगली फिल्म कब आ रही है। लेकिन जो भी मुझे पता है कि इस शो ने मुझे बहुत कुछ दिया है।”
“मैं अपने जीवन में एक ऐसे समय पर पहुँच गया हूँ, जहां मुझे लगता है कि हर एक अच्छी चीज का अंत होता है। बेहद भारी मन के साथ मैं ये कहना चाहता हूँ कि ये Koofee with Karan का मेरा आखिरी सीजन होगा। मुझे ट्रोल किया जाएगा, कमेंट किए जाएंगे, पोस्ट किए जाएंगे और मैं इन सब का सामना करने के लिए तैयार हूँ। लेकिन इन सब के बावजूद मैं ये भी जानता हूँ कि इस एक कप कॉफी के लिए अभी भी बहुत प्यार है। तो कॉफी विद करण के इस लास्ट सीजन में मेरे साथ जुड़िए और मेरे साथ एक लास्ट कप कॉफी का आनंद लीजिए।”
यह भी देखें: Karan Johar ने याद किया पिता Yash Johar से किया अंतिम वादा, कहा- ‘वे वेंटिलेटर पर थे जब मैंने…’

